पूर्व सिंचाई मंत्री डॉ. मेहराजुद्दीन अहमद का निधन, रटौल में शोक की लहर…

बागपत (चांदीनगर)
मोहित शर्मा
Post Views: 36,238 views
पूर्व सिंचाई मंत्री डॉ. मेहराजुद्दीन अहमद का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया, जिससे रटौल और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। उनका निधन शनिवार सुबह हुआ, जिसके बाद रटौल के लोग गहरे सदमे में डूब गए और बाजार बंद करके अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दो दिन पहले ही उन्हें गंभीर हालत में दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
डॉ. मेहराजुद्दीन अहमद को एक मिलनसार और जनहितैषी नेता के रूप में जाना जाता था। उन्होंने हमेशा गरीबों और जरूरतमंदों की मदद की और उनकी सादगी एवं सेवाभाव ने उन्हें जनता के बीच खासा लोकप्रिय बना दिया। उनके निधन को कस्बे के लोग एक बड़ी क्षति मान रहे हैं।
राजनीतिक जीवन में डॉ. अहमद ने कांग्रेस पार्टी से शुरुआत की थी और बाद में समाजवादी पार्टी से बागपत लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। 2002 में उन्होंने समाजवादी पार्टी छोड़कर राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) का दामन थामा, जहां उन्हें निर्यात निगम का चेयरमैन और बाढ़ एवं सिंचाई मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गईं। हाल ही में रालोद-भा.ज.पा. गठबंधन के विरोध में उन्होंने रालोद से इस्तीफा देकर फिर से कांग्रेस जॉइन की थी।