पुलिस की गौकशों से मुठभेड़, दो शातिर गोकश गिरफ्तार,
अलीगढ़
संवाददाता : संजय भारद्वाज
Post Views: 36,182 views
थाना खैर क्षेत्र में पुलिस ने गौकशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो शातिर गोकशों को गिरफ्तार किया। यह मुठभेड़ पुलिस और गोकशों के बीच हुई, जिसमें एक आरोपी पुलिस की गोली से घायल हो गया जबकि दूसरा आरोपी आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, कारतूस, छुरी, रस्सा और अन्य सामग्री बरामद की।
गौरतलब है कि अलीगढ़ में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही गोकशी की घटनाओं के कारण इलाके में तनाव बढ़ गया था। इस मामले में थाना गभाना के थाना अध्यक्ष को भी सस्पेंड किया गया था, क्योंकि हिंदूवादी संगठनों ने पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए हाईवे जाम कर दिया था। इसके बाद एसएसपी अलीगढ़ ने गौ तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश जारी किए थे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलीगढ़ स्वॉट और सर्विलांस टीम की मदद से पलाचांद में गोकशी करने वाले आरोपियों को ट्रैक किया। सूचना मिली थी कि आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर खैर क्षेत्र से नहर पटरी की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने सख्त चेकिंग शुरू की और जैसे ही मोटरसाइकिल आई, उसे रुकने का इशारा किया। चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की और उनकी मोटरसाइकिल गिर गई।
इसी दौरान, पीछे बैठे व्यक्ति ने अपने पास रखे अवैध तमंचे से पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी, दानिश, के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल दानिश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथी समीर ने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिन्दा कारतूस, छुरी, रस्सा और मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पलाचांद में गाय काटी थी।
घायल आरोपी दानिश को इलाज के लिए सीएचसी खैर के माध्यम से जिला मलखान सिंह अस्पताल अलीगढ़ भेजा गया। वहीं, पुलिस ने मौके से फरार हुए दो अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी है।
इस अभियान में पुलिस की ओर से प्रभारी निरीक्षक डीके सिसौदिया, निरीक्षक नरेंद्र सिंह (सर्विलांस इंचार्ज), उ.नि. संदीप (एसओजी प्रभारी), और थाना खैर के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने इस सफल अभियान से यह साबित किया है कि अलीगढ़ में गौ तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है, और पुलिस का यह अभियान अब सफलता की ओर बढ़ रहा है।